सीएनसी मशीन प्रशिक्षण से होता है हुनर का विकास - दुबे
जिला उद्योग केन्द्र की ओर से आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए 50 दिवसीय सीएनसी ट्रेनिंग शुरू
जिला उद्योग की ओर से कौशल उद्यमिता विकास कार्यक्रम के तहत 50 दिवसीय सीएनसी मशीन ट्रेनिंग कमला नेहरू नगर स्थित, मौलाना अबुल कलाम आज़ाद मुस्लिम निजी औद्योगिक प्रषिक्षण संस्थान में शुरू हुई।
मौलाना आईटीआई के प्रिन्सिपल मनीष माथुर ने कहा कि आईटीआई उतीर्ण 20 अभ्यर्थी इस प्रशिक्षण में हिस्सा ले रहे है। इस ट्रेनिंग की इतनी मांग है कि प्रशिक्षणार्थी स्थानीय से अन्तर्राष्ट्रीय स्तर तक रोजगार हासिल कर सकेगें। जिला उद्योग केन्द्र के संयुक्त निदेशक वाई एस दूबे ने कहा कि प्रशिक्षण हुनर के विकास का सशक्त माध्यम हैं उन्होंने इसके लाभ के बारे में बताते हुए कहा कि जोधपुर सहित देश में सीएनसी मशीन ऑपरेटर की भारी मांग हैं।
प्रशिक्षक प्रमोद शुक्ला ने सीएनसी सेलेबस के बारे में बताते हुए कहा कि ये कम्प्यूटर न्यूमरिकल कंट्रोल (सीएनसी) है ट्रेनिंग में सीएनसी ऑपरेटर, सीएनसी सेटर व सीएनसी प्रोग्रामर का प्रशिक्षण दिया जायेगा। इसके अन्तर्गत कम्प्युटर से डिजाइन कर सीएनसी मशीन के जरिये विभिन्न जॉब कार्य बनाने सिखाये जायेंगे। ट्रेनिंग के अंत में इन्डस्ट्रियल विजिट भी आयोजित होगी।
इग्नू के उपनिदेशक अजय वर्धन आचार्य ने कहा कि प्रशिक्षण एक सतत् प्रक्रिया है और 21वीं सदी नवाचार की सदी है। इसमें व्यावहारिक कुशलता, संवर्धन निर्माण व शत प्रतिशत अनुशासन की आवश्यकता है। अंत में मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार ओपी बोहरा ने इस प्रशिक्षण से जुड़े विभिन्न आयामों की जानकारी दी व धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन मौलाना आईटीआई के प्रशासनिक अधिकारी मुजीब अहमद काजी ने किया। इस अवसर पर समस्त प्रशिक्षणार्थी एवं अनुदेशक उपस्थित थे।