Home > Latest News / समयानुसार अपनी प्राथमिकताओं के आधार पर जीवन का लक्ष्य करें निर्धारित - डॉ. बोहरा

समयानुसार अपनी प्राथमिकताओं के आधार पर जीवन का लक्ष्य करें निर्धारित - डॉ. बोहरा

December 22, 2014

समयानुसार अपनी प्राथमिकताओं के आधार पर
जीवन का लक्ष्य करें निर्धारित - डॉ. बोहरा

‘जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के लेखांकन विभाग के प्रोफेसर डॉ अशोक कुमार बोहरा ने समय प्रबन्धन पर दिया व्याख्यान‘

जीवनकाल अनमोल है, उसे व्यवस्थित करें। कल कभी नहीं आता। अपनी प्राथमिकताए तय करें। समय से अनुभव और अनुभव व लक्ष्य के प्रति एकाग्रता से मिलती है सफलता।

ये कहना है जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय के लेखांकन विभाग के प्रोफेसर अशोक कुमार बोहरा का। जो कमला नेहरू नगर स्थित मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी के ऑडिटोरियम में सोमवार को आयोजित “समय प्रबन्धन” विषय पर यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राओं को अपना व्याख्यान दे रहे थे। डॉ. बोहरा ने कहा कि समय का सही प्रबन्धन ही उसकी बचत है। आत्मविश्वास से जिन्दगी में सही निर्णय लें। स्पष्ट उद्देश्यों से योजनाबद्ध कार्य करें। यदि कभी गलत निर्णय या गलत लक्ष्य तय भी कर लिया है तो घबराएं नहीं। नई ऊर्जा व नये लक्ष्य के साथ, दूरदर्शी सोच रखते हुए दोबारा कोशिश करें और सफलता की मंजिल हासिल करें। अच्छे व्यवहार के साथ संतुष्ट रहना सीखें। गलत आदतों की लिस्ट बनाये, उन्हें दूर करने का प्रयत्न करें। टालमटोल न करें।

कवि के रूप में ‘अनित्य‘ उपनाम से पहचान रखने वाले डॉ बोहरा ने प्रोजेक्टर के माध्यम से रोचक स्लाइड्स के जरिये बताया कि हर एक व्यक्ति ईश्वर की अनुपम अभिव्यक्ति है। कोई भी समान नहीं है। हम सब चौबीस घण्टों का हैड बनायें। सप्ताह, महीना व साल का कार्यो के अनुसार वर्गीकरण करें। अपने सोने का समय निश्चित करें। ध्यान से सुनना सीखें। अपना दीपक स्वयं बनें। अगर किसी ने आपकी बेइज्जती की हैं तो आप स्वयं उसके जिम्मेदार हैं। उन्होंने टाइम वेस्टिंग के भी इन्टरनल और एक्सटर्नल तरीके बताते हुए इसे दूर करने की जानकारी दी।

यूनिवर्सिटी के हिन्दी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. प्रतिभा कोचर ने शीघ्र प्रकाशित होने वाली यूनिवर्सिटी पत्रिका की जानकारी दी। व्याख्यान में समन्वयक सलीम अहमद, डॉ. सत्यप्रकाश व्यास, डॉ. निरंजन बोहरा, डॉ. इनाम इलाही, डॉ अजीजुलहसन, डॉ. रविन्द्र टेलर, डॉ. सीमा परवीन खान, डॉ अंजलि सोनी, डॉ मरजीना, मोहम्मद शाहिद, नीलम जोशी राम प्रकाश सहित समस्त विद्यार्थीगण उपस्थित थे। संचालन डॉ अब्दुल्लाह खालिद ने किया। यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार ओ.पी. बोहरा ने आभार ज्ञापित किया।