मिशनरी भाव से हो पत्रकारिता - मीणा
“पत्रकारिता चुनौतियों भरा सशक्त करियर” विषयक व्याख्यान एवं
मीडिया संवाद कार्यक्रम का हुआ सफल आयोजन
पत्रकारिता जिसे लोकतंत्र का चौथा स्तम्भ के रूप में पहचाना जाता हैं। पत्रकारिता अर्थात् पूरी सच्चाई और ईमानदारी से वे तथ्य और सूचनाएं सम्बन्धित समाज के उन सभी लोगों तक पहुंचाना, जिन तक वो उपयोगी जानकारी पहुंचानी अति जरूरी है।
ये कहना हैं, प्रेस इन्फॉरमेशन ब्यूरो (पीआईबी) जोधपुर के मीडिया एण्ड कम्यूनिकेशन ऑफिसर राजेश मीणा का। जो मारवाड़ मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी के संरक्षण में चल रही मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की ओर से उन्तीस जनवरी को मनाये जाने वाले पत्रकारिता दिवस के उपलक्ष में आयोजित किये गये तीन दिवसीय कार्यक्रमों के समापन के अवसर पर शनिवार को आयोेजित “पत्रकारिता चुनौतियों भरा सशक्त करियर” विषयक व्याख्यान में बतौर मुख्यअतिथि, बोल रहे थे।
उन्होंने, पत्रकारिता एवं जनसंचार के विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में आज अपार सम्भावनाएं है, जहां पर चुनौतियों के साथ समाज में सम्मान मिलता है। इस क्षेत्र में विद्यार्थियों को समसामयिक घटनाओं से अपडेट रहने की नसीहत देते हुए कहा कि जर्नलिज्म में आगे बढ़ने के लिए मेहनत के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं हैं। पत्रकारिता के देश भर में संचालित पत्रकारिता के विभिन्न पाठ्यक्रमों की भी जानकारी दी। उन्होंने समाज में गिरते पत्रकारिता के स्तर पर चिंता जताते हुए कहा कि पत्रकारिता मिशनरी भाव से होनी चाहिए।
मीडिया के लिए आयोजित संवाद कार्यक्रम में बोलते हुए वरिष्ठ पत्रकार एवं मीडिया विश्लेषक रज्जाक हैदर ने कहा कि पत्रकारिता केवल जीवनयापन के लिए अपनाया जाने वाला पेशा नहीं है। पत्रकारिता मेहनत और समर्पण का दूसरा नाम है। समाज उत्थान में पत्रकारिता की सकारात्मक व रचनात्मक भूमिका है। न्यूज इण्डिया राजस्थान के जोधपुर प्रभारी रंजन दवे ने कहा कि व्यक्ति के पास पत्रकारिता क्षेत्र में खुद को साबित करने का अपार क्षेत्र है।
पत्रकारिता एवं जनसंचार पाठ्यक्रम के प्रभारी डॉ. प्रकाश पुरोहित ने पाठ्यक्रम के सम्बन्ध में जानकारी देते हुए प्राचीन, वर्तमान, भविष्य की पत्रकारिता सहित इस क्षेत्र के विभिन्न वर्गो से रूबरू कराते हुए में इसमें उज्जवल भविष्य बताया। व्याख्यान में जर्नलिज्म एण्ड मॉस कम्यूनिकेशन के विद्यार्थी अमोल कुलश्रेष्ठ एवं मौजूद समस्त शिक्षविद्वो, मीडियाकर्मियों व पत्रकारिता विद्यार्थियों ने पत्रकारिता से जुड़े पहलुओं पर अपनी जिज्ञासाएं शान्त की। अंत में उपस्थित समस्त मीडियाकर्मियों का मुख्यअतिथि द्वारा माला एवं उपहार से सम्मान किया गया। इस मौके पर मारवाड़ मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफयेर सोसायटी के कोषाध्यक्ष हाजी इस्हाक, सदस्य रऊफ अंसारी, जकी अहमद, मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी के डिप्टी रजिस्ट्रार राजिक वदूद, मोहम्मद रफीक, मौलाना आजाद बीएड कॉलेज प्रिन्सीपल डॉ. शोभा गुप्ता, माधुरी दत्ता, सहित समस्त व्याख्यातागण एवं प्रबुद्धजन उपस्थित थे। आभार मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार ओपी बोहरा ने दिया। संचालन मोहम्मद इकबाल चुंदडीगर व शहबाज खान ने किया।