Home > Latest News / सीएनसी मशीन प्रशिक्षण प्राप्त युवा बन गये हुनरमंद - मलिक

सीएनसी मशीन प्रशिक्षण प्राप्त युवा बन गये हुनरमंद - मलिक

February 07, 2015

सीएनसी मशीन प्रशिक्षण प्राप्त युवा बन गये हुनरमंद - मलिक
जिला उद्योग केन्द्र की ओर से आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की 50 दिवसीय सीएनसी ट्रेनिंग का हुआ समापन
सात प्रशिक्षणार्थियों को मिला प्लेसमेंट

जिला उद्योग केन्द्र की ओर से कमला नेहरू नगर स्थित, मौलाना अबुल कलाम आज़ाद मुस्लिम निजी औद्योगिक प्रषिक्षण संस्थान में कौशल उद्यमिता विकास कार्यक्रम के तहत चल रही 50 दिवसीय सीएनसी मशीन ट्रेनिंग का सफल समापन हुआ।

समापन समारोह में इंग्लैण्ड की पीपुल्स नीड्स संस्था के फाउन्डर चेयरमेन, फेडरेशन ऑफ इण्डियन मुस्लिम ऑर्गनाइजेशन यूके के प्रेसिडेन्ट एवं इण्डिया क्लब ग्रेट ब्रिटेन के जनरल सेक्रेट्री हामिद मलिक ने मुख्य अतिथि के तौर पर कहा कि ये युवा अब हुनरमंद बन चुके है। उन्होंने कहा कि इंग्लैण्ड सहित खाडी देशों व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर आटीआई उत्तीर्ण एवं विशेषकर सीएनसी एक्सपर्ट की भारी मांग है।

मौलाना आईटीआई के प्रिन्सिपल मनीष माथुर ने कहा कि आईटीआई, डिप्लोमा व बी.ई इन मैकेनिकल व्यवसाय से उतीर्ण 20 अभ्यर्थियों ने इस प्रशिक्षण में हिस्सा लिया। ये प्रशिक्षणार्थी स्थानीय से अन्तर्राष्ट्रीय स्तर तक रोजगार हासिल कर सकेगें। जिला उद्योग केन्द्र के ईडीपी विशेषज्ञ सी.एल. गुलेछा ने कहा कि प्रशिक्षण हुनर के विकास का सशक्त माध्यम हैं उन्होंने प्रोजेक्टर के जरिये, प्रधानमंत्री रोजगार, मुख्यमंत्री रोजगार योजना, जिला उद्योग केन्द्र की ओर से चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, स्वरोजगार, लॉन व प्रोजेक्ट रिर्पोट के बारे में विस्तार से बताया।

प्रशिक्षक प्रमोद शुक्ला ने सीएनसी ट्रेनिंग के बारे में बताते हुए कहा कि ये कम्प्यूटर न्यूमरिकल कंट्रोल (सीएनसी) है इस ट्रेनिंग में सीएनसी ऑपरेटर, सीएनसी सेटर व सीएनसी प्रोग्रामर का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अन्तर्गत कम्प्युटर से डिजाइन कर सीएनसी मशीन के जरिये विभिन्न जॉब कार्य बनाने सिखाये गये। ट्रेनिंग के मध्य में प्रशिक्षणार्थियों को कॉमर्शियल सीएनसी मशीनों पर प्रशिक्षण भी दिलाया गया।

जिला उद्योग केन्द्र के ईडीपी विशेषज्ञ आर.एल. नाथ ने कहा कि प्रशिक्षण एक सतत् प्रक्रिया है और 21वीं सदी नवाचार की सदी है। इसमें व्यावहारिक कुशलता, संवर्धन निर्माण व शत प्रतिशत अनुशासन की आवश्यकता है। अंत में मारवाड़ मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी के महासचिव मोहम्मद अतीक ने प्रशिक्षणार्थियों की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मौलाना आईटीआई की ओर से बीस में से सात प्रशिक्षणार्थियों को जोधपुर की विभिन्न फैक्ट्रियों में प्लेसमेंट दिलाने में विशेष सहयोग प्रदान किया गया। संचालन मौलाना आईटीआई के प्रशासनिक अधिकारी मुजीब अहमद काजी ने किया। धन्यवाद महासचिव मोहम्मद अतीक ने ज्ञापित किया। इस अवसर पर समस्त प्रशिक्षणार्थी एवं अनुदेशक उपस्थित थे।