40 दिवसीय ‘बेसिक एज्यूकेशन कोर्स फॉर टीचर्स का हुआ समापन
जोधपुर 02 अप्रैल। किसी ने हिन्दी भाषा के स्वर एवं व्यंजन को बारिकियों से समझा तो किसी ने अंग्रेजी के एल्फाबेट से जुड़े शब्दों के अर्थों को कविताओं के माध्यम से जाना तो कोई गणित से हिसाब-किताब का महारथी बना। तो कुछ उर्दू एवं दीनयात के जानकार बनें।
मौका था, कमला नेहरू नगर स्थित मारवाड़ मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी के अन्तर्गत संचालित 40 दिवसीय निःशुल्क बेसिक एज्यूकेशन कोर्स फॉर टीचर्स के गुरूवार को आयोजित समापन समारोह का। कोर्स के कॉर्डिनेटर बाबू खान शेख ने कहा कि अट्ठारह फरवरी से इक्त्तीस मार्च तक चलने वाले इस पाठ्यक्रम में आठवी, दसवी व बारहवी उत्तीर्ण उन महिलाओं ने भाग लिया जो शहर के कमजोर तबके एवं कच्ची बस्तियों में निवास करती हैं।
समारोह में अलीगढ के मौलाना अमीन अशरफ ने ‘घर में ही स्कूल‘ जैसे इस कोर्स के अनूठे प्रयोग की तारीफ करते हुए लड़कियों एवं महिलाओं के लिए इसे रोजगार एवं शिक्षा देकर सम्मान पाने का माध्यम बताया साथ ही इसमें निरक्षर बड़े बच्चों को भी तालीम देने की बात कहीं।
कोर्स प्रभारी मौलाना शाहिद नदवी ने कहा कि इस कोर्स में हिन्दी में स्वर, व्यंजन, मात्राओं का ज्ञान, दो लाइन में लिखने का तरीका, गणित में एक से सौ तक गिनती, घटते व बढते क्रम की गिनती, रोमन संख्या, अंग्रेजी में वोवल, कोन्सोनेन्टस्, वर्बस् व एल्फाबेट का सुरीली एवं रोचक कविताओं के जरिये सम्पूर्ण सामान्य ज्ञान एवं उर्दू व दीनयात का आधारभूत ज्ञान दिया गया। ताकि ये कोर्स करने के पश्चात् चार, पांच एवं छः वर्ष का बच्चा सीधा पहली कक्षा में प्रवेश पा सकें।
सोसायटी के महासचिव मोहम्मद अतीक ने कहा कि इस कोर्स का उद्देश्य पूराने समय में घर-घर में चलने वाले घरेलू स्कूल व मदरसा कोन्सेप्ट को जिन्दा करते हुए शहर की कच्ची बस्तियों में रहने वाली और आठवी, दसवी व बारहवी पढी लिखी औरतों को ये टीचिंग ट्रेनिंग देकर, उन्हें रोजगार से जोड़ना हैं।
अन्त में अम्तुलगनी, शबनम खान, अनीसा बानो, शबनम, साजिदा बानो ने अपने प्रशिक्षण के अनुभव बांटे। इस पाठ्यक्रम में पढने वाली बलदेव नगर, मसूरिया बस्ती, पठानकोट, बापू कॉलोनी एवं इसके आस-पास के इलाकों की 20 महिलाओं को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेन्टो देकर सम्मानित किया गया। कोर्स की सफलता में बाबूखान शेख, फकीर मोहम्मद, मौलाना शाहिद नदवी, जावेद शेख का सराहनीय योगदान रहा। इस मौके पर सोसायटी सदस्य हनीफ लोहानी, मदरसा मोहम्मदिया मिडिल स्कूल के प्रिन्सीपल मोहम्मद अरशद सहित कई लोग उपस्थित थे। सोसायटी पूर्व अध्यक्ष हाजी अबादुल्लाह ने प्रशिक्षणार्थियों की हौंसलाअफजाई एवं अतिथियों की शक्रियाअदायगी की। दुआ मौलाना अशरफ ने कराई तथा संचालन मोलाना शाहिद हुसैन ने किया।