सिर पर पट्टी बांधकर, आतंकवाद मुर्दाबाद का दिया पैग़ाम विश्व आतंकवाद विरोधी दिवस के अवसर पर पोस्टर प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
जोधपुर 21 मई। ‘आतंकवाद मुर्दाबाद‘, ‘आतंकवाद नहीं हमें शान्ति चाहिए‘, ‘आतंकवाद विकास के लिए बाधक है, आतंकवाद का कोई मज़हब नहीं होता, आतंकवाद एक ज़हर है, “सभी राष्ट्रो को एकजुट होकर, आतंकवाद के खात्मे के लिए शान्ति, अहिंसा लानी होगी”।
ऐसे ही जोशीले नारों की रचना, पोस्टर के जरिये, मारवाड़ मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी के अधीन संचालित विभिन्न संस्थाओं की छात्राओं ने की। मौक़ा था, विश्व आतंकवाद विरोधी दिवस के अवसर पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता का।
सोसायटी के महासचिव मोहम्मद अतीक ने बताया कि भावी पीढ़ी को आतंकवाद से निजात दिलाने के लिए सभी धर्म, जाति, वर्ग एवं विश्व समुदाय के लोगों को एकजुट होकर, मोहब्बत, भाईचारा और बातचीत से इस विश्वव्यापी समस्या का हल निकालना होगा। विश्व आज ग्लोबल विलेज बन गया है। हमें उन हिंसावादी ताकतों का जड़ से उन्मूलन करना होगा, जो देश की तरक़्क़ी, राष्ट्रीय एकता, अखण्डता एवं शान्ति को बरकरार रखने में रूकावट बन रही है।
कार्यक्रम प्रभारी रीना गोयल ने बताया कि इस प्रतियोगिता में मदीना बानो, उरवा, फूलबानो, किरण, नफीसा, रूखसाना, लक्ष्मी, इचरज, गरीमा, यास्मीन, दुर्गा सहित कई छात्राओं का विशेष सहयोग रहा। बालिकाओं ने अपने चित्रों से आतंकवाद का घोर विरोध करने का आमजन को संदेश दिया।
बी.एड़़. प्राचार्या डॉ. सपना सिंह राठौड़ ने सभी छात्राओं के पोस्टर्स की प्रशंशा करते हुए उनकी हौसला अफज़़ाई की। अंत में आतंकवाद का डटकर विरोध करने व मानव जीवन मूल्यों को खतरा पहुँचाने वाली, विद्यटनकारी शक्तियों से लड़ने की शपथ ली गई।