मानव श्रृंखला से ‘जुमा मुबारक‘ उकेरकर
दिया भाईचारे का संदेश
रमज़ान माह के तीसरे जुमे के पूर्व दिवस पर हुआ कार्यक्रम
जोधपुर 02 जुलाई। पवित्र माह रमजान इस्लामिक महिनों में सबसे अफज़ल महिना कहलाता है। ये महिना रोज़ा रखने और बुराई से बचने व नेक कार्य करने का संदेश दुनिया के लोगो को देता है।
ये संदेश कमला नेहरू नगर स्थित फिरोज खान मेमोरियल गर्ल्स सीनियर सैकेण्डरी विध्यालय की रोजे़दार छात्राओं ने गुरूवार को रमज़ान के तीसरे जुमे के पूर्व दिवस पर मानव श्रृंखला के ज़़रिये ‘जुमा मुबारक‘ की आकृति उकेरकर दिया।
स्कूल प्रिन्सीपल शमीम शेख ने कहा कि रोज़ा, इस्लामी उसूलों का अहम् हिस्सा है। इस्लाम में हर बालिग़ मर्द व औरत पर रोजे़ फर्ज़ है। रोजे़ से शरीर स्वस्थ और इससे कई तरह की जटिल बीमारियों से मुक्ति मिलती है। रोजे़दार की प्यास और भूख नहीं बल्कि रोज़ेदार के तकवे अर्थात परहेज़गारी से अल्लाह खुश होता है। रमज़ान माह में हर अमीर आदमी जिसके पास साढे बावन तौला चांदी व साढे सात तौला सोना या इसके बराबर रकम हो उस पर अपनी कुल आय का ढाई प्रतिशत ग़रीब रिश्तेदारों व असहाय लोगों को जकात के रूप में देने का हुक्म है। ताकि समाज के कमज़ोर तबके को ऊपर उठाया जा सके।
कार्यक्रम प्रभारी रीना गोयल ने कहा कि छात्राओं ने एक-दूसरे को जुमा मुबारक की अग्रिम बधाई दी तथा छात्राओं ने देश-दुनिया के लोगों को भाईचारा, परहेज़गारी, बुराई से बचने व भलाई का हुक्म देने, ग़रीबों को ज़कात देने, नमाज़ पढने, रोज़ा रखने व हज करने की सीख दी। इस कार्यक्रम में शिक्षक कविता डाबी, मोहित राठौड एवं छात्राध्यापिका पिंकी, लक्ष्मी भाटी, रूखसाना, निकहत मिर्जा, मंजू भाटी, शबनम जहां, हुमेरा, किरण का विशेष सहयोग रहा।