मुम्बई से दिल्ली तक पहुंचने वाले
राजस्थानी भाषा मान्यता के जात्रे का
मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी में हुआ भव्य स्वागत
जोधपुर 22 जुलाई। अखिल भारतीय राजस्थानी भाषा मान्यता संघर्ष समिति के बैनर तले मुम्बई से ग्यारह जुलाई को रवाना हुई और बाईस जुलाई को दिल्ली पहुंचने वाले ‘राजस्थानी भाषा मान्यता जात्रा 2015‘ के दल का बुधवार को कमला नेहरू नगर स्थित मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी परिसर में भव्य स्वागत हुआ।
मारवाड़ मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी के महासचिव मोहम्मद अतीक ने बताया कि सोसायटी के समस्त पदाधिकारियो की ओर से इस दल के सभी सदस्यों का माला एवं साफा पहनाकर भव्य स्वागत किया गया तथा एक साथ नारे के साथ कहा गया कि ‘आपाणी राजस्थानी भाषा री मान्यता रे वास्ते, एकजुटता दिखानी होगी‘।
दल में देश के प्रवासी राजस्थानी, मुम्बई एवं प्रदेश भर के फिल्म एवं उद्योग क्षेत्र से जुड़ें सदस्यों ने शिर्कत की। दल का स्वागत सोसायटी सदस्य मोहम्मद इस्माईल, मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी के डिप्टी रजिस्ट्रार मोहम्मद रफीक खान, शिक्षाविद वसीम अंसारी, जावेद खान सहित समस्त सदस्यगणों ने किया। छब्बीस जुलाई को सम्पूर्ण राजस्थान के प्रतिनिधित्व के साथ दिल्ली में केन्द्र सरकार के समक्ष राजस्थानी भाषा की मान्यता के लिए यह दल अपना पक्ष रखेगा।