60वीं राज्य स्तरीय 19 वर्षीय विध्यालयी क्रिकेट प्रतियोगिता का
विधायक सूर्यकान्ता व्यास ने किया शुभारम्भ
प्रथम दिन खेले गये दस मैच
जोधपुर 19 सितम्बर। शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित एवं मौलाना अब्दुल कलाम आजाद मुस्लिम सीनियर सैकेण्डरी स्कूल की मेज़बानी में खेली जा रही, 60 वीं राज्य स्तरीय उन्नीस वर्षीय खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन शनिवार प्रातः कमला नेहरू नगर स्थित मौलाना अब्दुल कलाम आजाद मुस्लिम सीनियर सैकेण्डरी स्कूल के खेलकूद परिसर में मुख्यअतिथि सूरसागर विधायक सूर्यकान्ता व्यास ने खेल प्रारम्भ की घोषणा एवं ध्वजारोहण से किया।
विधायक सूर्यकान्ता व्यास ने मौलाना अब्दुल कलाम आजाद स्कूल को भव्य आयोजन के लिए मुबारकबाद देते हुए कहा कि जोधपुर के खेल मेदानो के विकास के बाद, लम्बे समय पश्चात इस तरह की राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं से राष्ट्रीय स्तर के खिलाडियों की पूर्ति करने में जोधपुर की महत्वपूर्ण भागीदारी रहेंगी। सचिव जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक प्रथम ब्रह्मपाल सिंह ने खेल को खेल की भावना से खेलने का आह्वान करते हुए राज्य भर से आये खिलाडियों को अनूठे अनुशासन के लिए प्रेरित किया।
मारवाड़ मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी के महासचिव मोहम्मद अतीक ने संस्थान का परिचय एवं भविष्य की योजनाओं को बताते हुए आगे भी प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर के खेलों में निरन्तर सहयोग देने को कहा। उपजिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा शब्बीर हुसैन ने जोधपुर को दूसरी बार मिले आयोजन के इस गौरव पर खुशी जाहिर की तथा शनिवार से ही जोधपुर में खेली जा रही 17 व 19 वर्षीय बेडमिन्टन की राज्यस्तरीय प्रतियोगिता की भी जानकारी दी।
उद्घाटन समारोह में प्रदेश की 35 टीमों ने सर्वप्रथम मौलाना अब्दुल कलाम आजाद स्कूल के बैण्ड की मधुर ध्वनि के साथ प्रतियोगी मार्चपास्ट किया व शपथ, ली। प्रतियोगी मार्चपास्ट में बाड़मेर जिले की टीम को प्रथम स्थान के लिए सम्मानित किया गया। मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी के प्रेसिडेन्ट डॉ. हामिद अली ने अध्यक्षीय उद्बोधन दिया।
समारोह में मारवाड़ मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी के पूर्व अध्यक्ष शब्बीर अहमद खिलजी, प्रधानाचार्य सिद्दीक मियां पठान, संयोजक निर्णायक मण्डल सोहन किशन जोशी, क्रिकेट कोच एवं शारीरिक शिक्षक यूनुस खान, आर्गनाइजिंग पीटीआई जुगनू मेहर तथा सभी टीमों के कोच, पीटीआई व खिलाडी मौजूद थे। धन्यवाद स्कूल प्रिन्सीपल इंतिखाब आलम ने दिया। संचालन शारिरीक शिक्षक सय्यद शाकिर अली व निदेशालयी पर्यवेक्षक मज़ाहिर सुल्तान जई ने किया।
मैच प्रभारी पीटीआई जुगनू मेहर ने जानकारी दी प्रथम दिन शहर के चार मैदानों में निर्धारित ओवर में खेल गये मैचों में पाली ने सवाईमाधोपुर को सात विकेट से, कोटा ने जयपुर द्वितीय को 99 रनों से, सिरोही ने धौलपुर को 46 रनों से, अजमेर ने प्रतापगढ को 10 विकेट से, बाड़मेर ने अलवर को 5 विकेट से, भरतपुर ने बुंदी को 8 विकेट से, उदयपुर ने डूंगरपुर को 54 रन से, गंगानगर ने झालावाड़ को 35 रन से, राजसमन्द ने दौसा को 56 रनों से पराजित किया तथा सीकर व बांसवाड़ा का मैच 99 रन पर टाई (सुपर ओवर) हुआ। जो कल खेला जायेगा एवं प्रतियोगिता के अन्तर्गत रविवार को तय मैच भी खेले जायेंगे।