60वीं राज्य स्तरीय 19 वर्षीय विध्यालयी
क्रिकेट प्रतियोगिता का तीसरा दिन रहा रोमांच भरा
क्वार्टर फाईनल मैच कल
जोधपुर 21 सितम्बर। शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित एवं मौलाना अब्दुल कलाम आजाद मुस्लिम सीनियर सैकेण्डरी स्कूल की मेज़बानी में खेली जा रही, 60 वीं राज्य स्तरीय उन्नीस वर्षीय खेलकूद प्रतियोगिता के तीसरे दिन सोमवार को शहर के विभिन्न मैदानों में आठ मैच खेले गये।
स्कूल के प्राचार्य इंतिखाब आलम ने बताया कि मैदान नम्बर एक फिजीकल कॉलेज एयरफोर्स में खेले गये मैच में मेज़बानी टीम जोधपुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए झुंझनू टीम को 104 रन का लक्ष्य दिया। खिलाडी यशवन्त ने दो चौको की सहायता से 28, मनीश ने 15 व ओसामा ने 13 रन बनाये। झुंझनू के सुनील ने 3 व जॉनी ने 2 विकेट लिये। जवाबी मुकाबले में लक्ष्य का पीछा करते हुए 7 विकेट से झुंझनु विजय रहा। झंझनु के अमीत ने नाबाद 30, राहुल ने नाबाद 23 व कप्तान मनोज ने दो चौके व एक छक्के की सहायता से 20 रन बनाये। जोधपुर टीम के प्रिन्स ने 3 विकेट लिये।
गंगानगर व चुरू के बीच हुए मैच में चुरू ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दीपक के 4 चौको की सहायता से 79 का लक्ष्य दिया। गंगानगर के साहिल ने 3 विकेट लिये। गंगानगर ने 1 विकेट के नुकसान पर चौका मारकर लक्ष्य हासिल कर लिया। गंगानगर के कपतान सोहेल खान ने नाबाद शानदार 35 रन व आकाश ने 21 रन का योगदान दिया।
झुंझनू व टोंक के बीच मैच हुए प्रीक्वार्टर फाइनल में टोंक के 80 रनो का पीछा करते हुए झंझनू टीम 74 रनों पर ऑल आउट हो गई और टोंक 6 रन से विजयी रहा।
संयोजक डॉ. सोहन किशन जोशी ने बताया कि मैदान नम्बर तीन न्यू रेल्वे मैदान में उदयपुर व भरतपुर के बीच खेले गये मैच में उदयपुर ने विकास के 51 व दीक्षान्त के 39 रनो की बदौलत 179 रनों का लक्ष्य खडा किया। जवाब में भरतपुर की टीम 105 रनों पर सिमट गई और उदयपुर ने 74 रन से जीत दर्ज की। भरतपुर के विकास ने सर्वाधिक 63 रन बनाये तथा उदयपुर के मनीश ने 2 विकेट लिये। वहीं, उदयपुर ने अपने प्री क्वार्टर फाइनल मैच में बांसवाड़ा को 23 रनों से मात दी।
मैच प्रभारी शारीरिक शिक्षक जुगनू मेहर ने बताया कि मैदान नम्बर चार बरकतुल्लाह खां स्टेडियम में अजमेर के खिलाडी पुनीत के 53 व अजीत सुदीपनो बोस के 48 रनों की सहायता से 139 रनो का लक्ष्य खड़ा किया। जवाबी मुकाबले में नागौर की टीम मात्र 73 रन पर सिमट गई। नागौर के जितेन्द्र ने 29 रन बनाये। अजमेर के पुनीत ने 2 विकेट लिये। जयपुर व बीकानेर के बीच हुए मैच में जयपुर ने 6 विकेट के नुकसान पर 111 रन बनाये। अनिल व दिव्यांशु ने 17-17 रनों का योगदान दिया। बीकानेर के शिवम ने 3 विकेट लिये। जवाबी मुकाबले में बीकानेर की पूरी टीम मात्र 68 रनो पर सिमट गई। खिलाडी फतेह मोहम्मद ने सर्वाधिक 20 रन बनाये।
अजमेर व राजसमन्द के बीच हुए प्री क्वार्टर फाइनल में राजसमन्द के अनिरूद्ध के 13 रनों की बदौलत पूरी टीम मात्र 66 रन ही बना सकी। जवाबी मुकाबले में अजमेर ने कपिल के 22 व पुनित के 20 रनों की सहायता से 5 विकेट से जीत दर्ज की। राजसमन्द के राजेन्द्र ने 3 विकेट लिये।
उपजिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा शब्बीर हुसैन ने बताया कि रोमांच से भरपूर शहर के मैदानों में मंगलवार को राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के क्वार्टर फाईनल मैच खेले जायेंगे। समस्त खेल मैदानों में शारिरीक शिक्षक यूनूस खान, शाहनवाज खान, रमेश गौतम, चिन्मय जोशी, मेहबूब खान एवं अन्य सभी शारीरिक शिक्षकगण का विशेष सहयोग रहा।