अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस एवं राजस्थान के मुख्यमंत्री के 64वें जन्मदिवस के मौके पर सशक्तीकरण का किया गया आह्वान
बीएड छात्राध्यापिकाओं ने राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे के चेहरे का मुखौटा लगाकर, उनकी तरह योग्य, सशक्त महिला मुख्यमंत्री बनने व जीवन में सफलता का संकल्प लिया। मौक़ा था, अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस एवं वसुन्धरा राजे के 64वें जन्मदिवस पर कमला नेहरू नगर स्थित ‘मौलाना आजाद मुस्लिम महिला बी.एड कॉलेज‘ में मंगलवार को आयोजित ‘संकल्प‘ कार्यक्रम का। बीएड छात्राध्यापिका मीनाक्षी ने वसुन्धरा राजे का जीवन परिचय, शिक्षा, पारिवारिक एवं राजनीति करियर एवं राज्य की उनकी उपलब्धियों पर रोशनी डाली।
प्राचार्या डॉ. सपना सिंह राठौड ने बताया कि बीएड प्रशिक्षणार्थियों को देश-दुनिया की सफल व प्रख्यात शख्सियतों से रूबरू कराने तथा उनके आदर्शो से प्रेरणा लेकर, कामयाब इन्सान बनने के मकसद से ये कार्यक्रम आयोजित किया गया। हमें परिवार में बच्चियों का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें उच्च शिक्षा व उनकी रूचि अनुसार रचनात्मक करियर के लिए प्रेरित करना चाहिए। वर्तमान समय में लड़कियों व महिलाओं को शिक्षा व आत्मविश्वास के साथ, बुराई का मुकाबला करते हुए, अपने अधिकारों के लिये निरन्तर प्रयास करने चाहिए। इस मौके पर बीएड व्याख्याता डॉ प्रमिला गहलोत, भावना प्रजापत एवं बी.एड प्रशिक्षणार्थी उपस्थित थे।