सूचना-प्रसारण व तकनीक के इस युग में अंग्रेज़ी भाषा में एक्सपर्ट होना ज़रूरी होता जा रहा है. इसी ज़रूरत के मद्देनज़र मारवाड़ मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी जोधपुर के अंतर्गत संचालित मौलाना आज़ाद यूनिवर्सिटी ने इस कार्यशाला का आयोजन किया और इसके लिये अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त ट्रेनर मुनव्वर ज़मा की सेवाएं प्राप्त की गईं.
मुस्लिम समाज तालीमी तौर पर पिछड़ा हुआ है यह बात सब लोग मानते हैं लेकिन इस पिछड़ेपन को दूर करने के लिये मारवाड़ मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी ने उल्लेखनीय कार्य करके एक नई मिसाल कायम की है ।
सोसायटी के अंतर्गत सीनियर सैकण्डरी स्कूल, आईटीआई, बीएड, नर्सिंग व फार्मेसी कॉलेज के साथ-साथ उत्तर-पश्चिम भारत की पहली ‘अल्पसंख्यक संस्थान’ दर्जे वाली मौलाना आज़ाद यूनिवर्सिटी संचालित की जा रही है ।
शिक्षा के क्षैत्र में बेहतरीन मिसाल पेश करने के बाद सोसायटी ने यह महसूस किया कम्पिटिशन के इस दौर में सिर्फ ग्रेजुएशन-पोस्ट ग्रेजुएशन या कोई तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर लेना ही काफी नहीं है । शिक्षित युवा जब तक अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का सामना करने के लायक नहीं बनेंगे तब तक उनके लिये ऊँचे रोज़गार के अवसर नहीं खुलेंगे ।
सोसायटी ने यह महसूस किया कि इंगलिश अंतर्राष्ट्रीय भाषा होने के कारण आजकल बड़ी कम्पनियों में रोज़गार चाहने वालों के लिये एक अनिवार्य शर्त बनती जा रही है । इसलिये युवाओं को प्रतियोगिता-दक्ष बनाने के लिये उन्हें इंग्लिश भाषा में पारंगत करना होगा ।
इसी ज़रूरत को पूरा करने के लिये सोसायटी ने अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त ट्रेनर और मोटिवेशन गुरू मुनव्वर ज़मा को जोधपुर आमंत्रित किया । मुनव्वर ज़मा ‘इंग्लिश हाउस’ नाम से हैदराबाद में एक संस्थान चलाते हैं ।
मुनव्वर ज़मा ने सोसायटी द्वारा संचालित स्कूलों, कॉलेजों के अलावा शहर के अन्य स्कूलों के इंग्लिश सीखने के इच्छुक छात्र-छात्राओं के बैच लगाकर 40 दिन में 600 स्टुडेण्ट्स को बिना अटके और सही उच्चारण के साथ इंग्लिश बोलने की ट्रेनिंग दी । इसके साथ-साथ उन्होंने स्टुडेण्ट्स के व्यक्तित्व निखार पर भी विशेष ज़ोर दिया ताकि वे स्टेज पर खड़े होकर लोगों के सामने पूरे आत्मविश्वास के साथ अंग्रेज़ी में भाषण दे सकें ।
मुनव्वर ज़मा द्वारा ट्रेन्ड किये चुनिंदा छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को लोगों के सामने पेश करने के लिये दिनाँक 14 अक्टूबर 2016 को ईदगाह परिसर डॉ. ज़ाकिर हुसैन कॉलोनी और दिनाँक 16 अक्टूबर 2016 को राजकीय उम्मेद स्टेडियम के सामने सार्वजनिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया । इसी कड़ी में दिनाँक 20 अक्टूबर 2016 को इस 40 दिवसीय कार्यशाला का ‘कन्वोकेशन (दीक्षांत समारोह)’ मुस्लिम स्कूल कैम्पस, पाल लिंक रोड, कमला नेहरू नगर जोधपुर में रखा गया ।
इन कार्यक्रमों में कार्यशाला में प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं ने इंग्लिश स्पीच, देश व दुनिया की नामी-गिरामी हस्तियों के प्रसिद्ध कथन (कोट्स) के ज़रिये अपनी प्रतिभा का परिचय दिया । जिस समय मुनव्वर ज़मा ने हिन्दी में कहे शब्दों को इंग्लिश में उच्चारित करने के लिये अपने स्टुडेण्ट्स को मंच पर प्रस्तुत किया और उन्होंने बिना अटके उन शब्दों को बिजली की गति से इंग्लिश में अनुवादित किया, उसे देखकर कोई भी दाद दिये बगैर नहीं रह सका ।
इस कार्यशाला के कुछ प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं के नाम यह हैं । इंग्लिश स्पीच परफॉर्मर्स में टॉपर्स हैं, अफनीदा (वर्शिप), पूजा (मदर), मुहम्मदी (सोशल मीडिया), अब्दुर्रज्ज़ाक़ (मौलाना अबुल कलाम आज़ाद), ज़हीर (एज्यूकेशन), आबिद कुरैशी (नबी मुहम्मद स.)। वोकब्लरी में अमन व अलीशा । इनके अलावा अदी ने स्वामी विवेकानंद, याह्या ने महात्मा गाँधी, जावेद ने मौलाना अबुल कलाम आज़ाद व सलमान खिलजी ने एपीजे अब्दुल कलाम के कोट्स सुनाए ।
इस कन्वोकेशन के दौरान मौलाना आज़ाद यूनिवर्सिटी के छात्रों द्वारा डेवलप की गई ‘इंग्लिश हाउस’ की वेबसाइट का लोकार्पण भी किया गया ।
मुनव्वर ज़मा के साथ उनकी टीम इंग्लिश हाउस में डॉ. रफीक, महफूज़ ज़रीवाला व के. रहमतुल्लाह की सेवाएं उल्लेखनीय रहीं । इस प्रोग्राम में मारवाड़ मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष अब्दुल अज़ीज़, उपाध्यक्ष नज़ीर खां, ट्रेज़रर हाजी मुहम्मद इस्हाक, वरिष्ठ सदस्य शौकत अंसारी, डॉ. गुलाम रब्बानी, शब्बीर अहमद खिलजी, हाजी अबादुल्लाह कुरैशी, फज़लुर्रहमान, हनीफ लोहानी, मुहम्मद इस्माईल, रऊफ अंसारी, फिरोज़ काजी, ज़की अहमद, मुहम्मद साबिर, मुहम्मद अमीन, मौलाना आज़ाद यूनिवर्सिटी के वाइस चाँसलर प्रो. अख्तरुल वासे, रजिस्ट्रार डॉ. इमरान खान पठान, डिप्टी रजिस्ट्रार मुहम्मद रफीक खान सहित समस्त सदस्यों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने शिर्कत की ।