Home > Latest News / तालीम के साथ तहज़ीब व तकनीक के साथ हुनर ज़रूरी

तालीम के साथ तहज़ीब व तकनीक के साथ हुनर ज़रूरी

October 20, 2016


आज के दौर में शिक्षा का महत्व क्या है, यह किसी से छुपा हुआ नहीं है. ज़रूरत इस विषय पर जागरूकता फैलाने की है. इसी थीम पर मारवाड़ मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी जोधपुर की ओर एक यह कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई.

हमें वक़्त की रफ़्तार को समझते हुए अपने लड़के-लड़कियों को तालीम के साथ-साथ तहज़ीब व तकनीक के वे सब हुनर भी सिखाने होंगे जिनसे वो खुद को आत्मविश्वास से लबरेज़ करके तकनीक के इस युग में अपने क्षेत्र में कामयाबी हासिल कर सकें । ये कहना है अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से शिक्षा प्राप्त शिक्षाविद्‌ एवं सऊदी अरब के प्रसिद्ध कारोबारी डॉ. नदीम तरीन का।

वे मुस्लिम स्कूल कैम्पस में मौलाना आज़ाद यूनिवर्सिटी जोधपुर में चल रहे 40 दिवसीय पर्सनलिटी डेवलपमेण्ट और पब्लिक स्पीकिंग वर्कशॉप के समापन के अवसर पर गुरूवार शाम आयोजित ‘तालीमी बेदारी कॉन्फ्रेंस’ में बतौर मुख्य वक्ता बोल रहे  थे । उन्होंने मारवाड़ मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी की सभी शैक्षिक एवं कल्याणकारी संस्थाओं एवं मौलाना आज़ाद यूनिवर्सिटी के बूझावड़ गांव स्थित न्यू कैम्पस का अवलोकन कर, एक ही संस्थान में इतने बहुआयामी कार्यों के संचालन को मुल्क के लिए एक आदर्श एवं प्रेरणादायी बताया ।

एसोसियेशन ऑफ़ इंडियन यूनिवर्सिटी नई दिल्ली के महासचिव एवं राजस्थान विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति व केन्द्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के संस्थापक कुलपति डॉ. फुर्कान कमर ने कहा कि मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी और इंग्लिश हाउस की सहभागिता से छात्र-छात्राओं में आत्मविश्वास और पब्लिक स्पीकिंग स्किल्स का ये जो अंदाज़ सामने आया है वो सराहनीय है । ऐसे ही रचनात्मक कार्यों के लिए एसोसियेशन ऑफ़ इंडियन यूनिवर्सिटी, हमेशा मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी की हर सम्भव सहायता के लिए तैयार रहेगी ।

इंटिग्रल यूनिवर्सिटी लखनऊ के वाइस चांसलर डॉ. एस.डब्ल्यू. अख्तर ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ‘सांस्कृतिक आदान-प्रदान’ कार्यक्रम के तहत यूनिवर्सिटी की छात्र-छात्राओं को इंटिग्रल यूनिवर्सिटी आने का न्यौता दिया । 

इस कॉन्फ्रेंस में इमाम मुहम्मद बिन सईद यूनिवर्सिटी रियाद के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. ज़िल्लुर्रहमान, आँध्रप्रदेश के समाजसेवी के. रहमतुल्लाह, भारत मेटालिक यार्न महाराष्ट्र के सीईओ महफूज़ ज़रीवाला, शाहीन अकादमी बीदर कर्नाटक के चेयरमैन डॉ. एम. ए. कदीर, शादान ग्रुप ऑफ़ मेडिकल कॉलेज हैदराबाद के एडवाइजर डॉ. एम.ए. रफीक, सऊदी अरब के हम्माद बशीर सागर सहित देश व विदेश से आये कई शिक्षाविद्‌, प्रबुद्धजन, वरिष्ठ पत्रकार, समाजसेवियों एवं मुनव्वर ज़मा के साथ उनकी टीम के सदस्य उपस्थित थे ।

इस प्रोग्राम में मारवाड़ मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष अब्दुल अज़ीज़, उपाध्यक्ष नज़ीर खां, ट्रेज़रर हाजी मुहम्मद इस्हाक, वरिष्ठ सदस्य शौकत अंसारी, डॉ. गुलाम रब्बानी, शब्बीर अहमद खिलजी, हाजी अबादुल्लाह कुरैशी, फज़लुर्रहमान, हनीफ लोहानी, मुहम्मद इस्माईल, रऊफ अंसारी, फिरोज़ काजी, ज़की अहमद, मुहम्मद साबिर, मुहम्मद अमीन, मौलाना आज़ाद यूनिवर्सिटी के वाइस चाँसलर प्रो. अख्तरुल वासे, रजिस्ट्रार डॉ. इमरान खान पठान, डिप्टी रजिस्ट्रार मुहम्मद रफीक खान सहित समस्त सदस्यों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने शिर्कत की ।

इस कॉन्फ्रेंस के अन्त में श्रेष्ट प्रतिभागियों को ट्रोफी देकर पुरस्कृत किया गया । मौलाना आज़ाद यूनिवर्सिटी के प्रेसिडेण्ट (वाइस चाँसलर) पद्‌मश्री प्रोफेसर अख्तरुल वासे ने देश के विभिन्न राज्यों से आये मेहमानों का स्वागत किया एवं सोसायटी के जनरल सेक्रेटरी मुहम्मद अतीक ने सभी आगन्तुकों का शुक्रिया अदा किया। प्रोग्राम का बेहतरीन संचालन दिलकश आवाज़ के धनी आकाशवाणी जोधपुर के मशहूर उद्‌घोषक हाजी ज़फर खान सिंधी ने किया ।