Home > Latest News / राजस्थान मुस्लिम वक्फ़ बोर्ड के पदाधिकारियों ने किया सोसायटी का अवलोकन

राजस्थान मुस्लिम वक्फ़ बोर्ड के पदाधिकारियों ने किया सोसायटी का अवलोकन

January 08, 2017

मारवाड़ मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी का अवलोकन
मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी सहित अन्य शैक्षिक व कल्याणकारी संस्थाओं की प्रशंसा की

राजस्थान मुस्लिम वक्फ़ बोर्ड जयपुर के सम्पदा अधिकारी वक्फ़ अमानुल्लाह खान सहित कई अन्य पदाधिकारियों ने मारवाड़ मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी जोधपुर एवं इससे जुड़ी शैक्षिक व कल्याणकारी संस्थाओं का अपने जोधपुर प्रवास के दौरान अवलोकन किया।

सोसायटी के महासचिव मोहम्मद अतीक ने बताया कि अमानुल्लाह खान ने सोसायटी के अधीन संचालित स्कूल, बीएसटीसी स्कूल, बीएड कॉलेज, नर्सिंग इंस्टिट्यूट, फार्मेसी इंस्टिट्यूट, पब्लिक हेल्थ विभाग, आईटीआई, लाइब्रेरी, बरकतुल्लाह खान बॉयस हॉस्टल, अल्पसंख्यक बालिका छात्रावास, मारवाड़ आदर्श मुस्लिम गौशाला और मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी से जुड़े कोर्सेज के बारे में जानकारी ली और यहां के शैक्षिक पाठ्यक्रम एवं प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया तथा उन्हें शैक्षिक मानकों पर खरा बताया।

खान ने एज्यूकेशनल और वेलफेयर कार्य के लिए हर सम्भव सहायता मुहैया करवाने का भरोसा जताया। अंत में उन्होंने ग्राम बुझावड स्थित मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी के निर्माणाधीन भवन का दौरा किया तथा उच्च स्तर पर चल रहे यूनिवर्सिटी भवन के निर्माण कार्यो, क्लास रूम और उसकी नक्काशी पर खुशी ज़ाहिर की।

इस मौके़ पर वक्फ बोर्ड जयपुर के एसीईओ सगीर अहमद, यूडीसी आसिफ इक़बाल, फरीद खान, इंस्पेक्टर रतनलाल, एलडीसी मुंसिफ मोहम्मद, राजस्थान मुस्लिम वक्फ बोर्ड के पूर्व चैयरमेन शौकत अली अंसारी, सोसायटी के पूर्व अध्यक्ष शब्बीर अहमद खिलजी, हाजी अबादुल्लाह कुरैशी, अध्यक्ष अब्दुल अजीज, उपाध्यक्ष नजीर खान, कोषाध्यक्ष हाजी मोहम्मद इस्हाक, सोसायटी सदस्य मोहम्मद हनीफ लोहानी, अब्दुल्लाह खालिद कुरैशी सहित समस्त सदस्यों ने अमानुल्लाह खान एवं वक्फ़ पदाधिकारियों का स्वागत किया।