65 अखाड़ों के उस्तादों सहित 122 समाजसेवी सम्मानित
उस्ताद हाजी हमीम बक्ष को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से नवाज़ा गया
हम सबको मिलकर जुआ, शराब, सट्टा, स्मैक और सभी समाजी बुराईयों को जड़ से मिटाने की कोशिश करनी होगी। युवाओं को तालीम और तकनीक के जरिये कौम में इंकलाब (क्रांति) लाकर मुल्क की तरक्की का भागीदार बनना होगा। ये कहना है ईदमीलादुन्नबी जलसा समिति के अध्यक्ष उस्ताद हाजी हमीम बक्ष का। वे मारवाड मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी जोधपुर की ओर से बुझावड गांव स्थित मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी के निर्माणाधान परिसर में आयोजित शहर के 65 अखाड़ों के उस्तादों सहित कुल 122 समाजसेवियों के सम्मान समारोह में बतौर मुख्यअतिथि बोल रहे थे।
सोसायटी के महासचिव मोहम्मद अतीक ने बताया कि शहर के इन अखाड़़ों के उस्तादों एवं समाजसेवियों को समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सोसायटी की ओर से साफा पहनाकर एवं मोमेन्टों भेट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उस्ताद हाजी हमीम बक्ष को लम्बे अरसे से ईदमीलादुन्नबी जलसे के सफल संचालन, अखाड़ा और समाजसेवा के क्षेत्र में सराहनीय कार्यो के लिए लाइफ टाइम एचीवमेन्ट अवार्ड से नवाज़ा गया।
महासचिव मोहम्मद अतीक ने कहा कि समाज के कमजोर तबकों के बच्चों को तालीम से कामयाब करने के मक़सद से मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी की स्थापना की गई है। समाज की सभी कौमों की मदद से ही यूनिवर्सिटी तरक्की के नये पायदान तय करेगी। उन्होंने कोर्सेज, शैक्षिक व कल्याणका संस्थाओं की जानकारी देते हुए कहा कि यहां नर्सरी से यूनविर्सिटी स्तर तक दस हजार से अधिक विभिन्न समुदायों के छात्र-छात्राएं अध्ययन कर रहे है और छः सौ कर्मचारी कार्यरत है।
शहर भर के अलग-अलग मोहल्ले से आये उस्तादों एवं मुस्लिम समुदाय के प्रबुद्धजनों की मौजूदगी में उस्ताद हाजी हमीम बक्ष ने खुद को लाइफ टाइम एचीवमेन्ट अवार्ड से नवाजे जाने पर सोसायटी का शुक्रिया अदा किया। ईदमीलादुन्नबी जलसा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष अब्दुल कय्यूम लोदी ने भी अपने सम्बोधन में सोसायटी की ओर से चलाये जा रहे शिक्षा के मिशन में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। कांट्रेक्टर अब्दुल्लाह खालिद कुरैशी ने बहुत ही कम लागत मूल्य पर हुए यूनिवर्सिटी के निर्माण के सम्बन्ध में विस्तार से बताया।
इस मौके पर उस्ताद यासीन खां बैलिम, उस्ताद सुबराती खान अब्बासी, उस्ताद खलील खान, शमसुद्दीन चुन्दडीगर, डॉ. नदीम बख्श, अमजद बख्श, इकबाल खान बैण्ड बॉक्स, मोहम्मद अय्यूब बैलिम, मुमताज मेवाफरोश, मोहम्मद हुसैन, मोहम्मद अय्यूब अब्बासी, मेहबूब आलम बबली एवं मारवाड मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी के पूर्व अध्यक्ष हाजी अबादुल्लाह कुरैशी, शब्बीर अहमद खिलजी, हनीफ लोहानी, हारून खान, हाजी इस्हाक खां, मोहम्मद अली चुंदडीगर, रऊफ अंसारी, फिरोज अहमद काजी, निसार खिलजी, मोहम्मद रफीक खान सहित उस्तादों के सहयोगी, सोसायटी सदस्यगण, गणमान्य लोग एवं युवा साथी उपस्थित थे।
राजस्थान वक्फ बोर्ड राजस्थान के पूर्व चैयरमेन शौकत अंसारी ने शुक्रिया अदा किया। पूर्व में मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी का सभी ने अवलोकन किया। तिलावते कुरान मौलाना मुहम्मद अफजल ने किया व नात शरीफ मोहम्मद जाकिर ने पढी। आदर्श मुस्लिम समाचार पत्र के सम्पादक सलीम खिलजी ने संचालन किया।