जोधपुर 12 नवम्बर। “भारत रत्न प्राप्त, स्वतंत्र भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आज़ाद के 130 वें जन्मोत्सव” एवं “राष्ट्रीय शिक्षा दिवस” के अवसर पर मारवाड़ मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी के अधीन संचालित बुझावड स्थित मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी में जन्मोत्सव (यौमे पैदाइश दिवस) मनाया गया।
यूनिवर्सिटी रजिस्ट्रार डाॅ इमरान खान पठान ने कहा कि मौलाना अबुल कलाम आज़ाद एकमात्र ऐसे व्यक्ति थे जिनका पूरा जीवन भारत की एकता, अखण्डता और हिन्दू-मुस्लिम एकता पर केन्द्रित था। वो सही मायनो में साम्प्रदायिक एकता के राजदूत एवं महिला षिक्षा के हिमायती थे। उन्होनें मौलाना आजाद द्वारा लिखी पुस्तक “इण्डिया विन्स फ्रीड़म” की सराहना करते हुए, मौलाना आज़ाद के कार्य, कार्यक्रम एवं योजनाओं को प्रभावी तरीके से सोसायटी व यूनिवर्सिटी में संचालित करने का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से युवा पीढी को इन महापुरूषों के जीवन को समझने एवं आत्मसात् करने का मौका मिलता हैं। हमें राज्य एवं केन्द्रीय सरकार की योजनाओं को अपनाते हुए, हर बालक-बालिका को शिक्षित करने में सहयोग प्रदान कर, सम्पूर्ण राष्ट्र को साक्षर करने का बीडा उठाकर, मौलाना आजाद के सपने को सच्च करना होगा। इस संगोष्ठी में यूनिवर्सिटी के समस्त विभागाध्यक्ष, प्रोफेसर सहित समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। साथ ही मौलाना आज़ाद डे के उपलक्ष में कई अन्य सांस्कृतिक व रंगारंग कार्यक्रम इस पखवाडें में मनाने का आह्वान किया।