Home > Latest News / खुद जागरूक होकर स्वच्छता के प्रति दूसरों को करें जागरूक - पद्मश्री वासे

खुद जागरूक होकर स्वच्छता के प्रति दूसरों को करें जागरूक - पद्मश्री वासे

January 16, 2019
खुद जागरूक होकर स्वच्छता के प्रति दूसरों को करें जागरूक - पद्मश्री वासे 
फील्ड आउटरीच ब्यूरो जोधपुर, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय भारत सरकार, नेहरू युवा केन्द्र, जिला         
प्रशासन एवं मारवाड मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में हुआ
‘स्वच्छ भारत मिशन पर जन चेतना अभियान‘ में रैली व प्रतियोगिताओं का आयोजन
 
जोधपुर 16 जनवरी 2019। इस्लाम धर्म में पाकिजगी (स्वच्छता) आधा ईमान है हमें जरूरत है हमारे मोहल्लों में, आस-पास के क्षेत्रों में और अधिक साफ-सफाई की। जिससे दूसरे सभी लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश मिलें। 
ये कहना है मौलाना आज़ाद यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष पद्मश्री अख्तरूल वासे का। वे फील्ड आउटरीच ब्यूरो जोधपुर, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय भारत सरकार, नेहरू युवा केन्द्र, जिला प्रशासन एवं मारवाड मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को आयोजित ‘स्वच्छ भारत मिशन पर जन चेतना अभियान‘ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि अपना उद्बोधन दे रहे थे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को जीवन में स्वच्छता की अहमियत के कई आदर्श उदाहरण पेश किये।
मौलाना आज़ाद मुस्लिम टीचर्स ट्रैनिंग काॅलेज एवं मौलाना आजाद मुस्लिम महिला टीचर्स ट्रैनिंग काॅलेज के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुए इस अभियान की अध्यक्षता कर रहे क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी राजेश मीणा ने कहा कि आजादी से पहले विपरीत परिस्थितियां होने के बावजूद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने उस दौर में भी स्वच्छता को प्राथमिकता देते थे। आजादी के बाद और आधुनिकता के इस दौर में भी बहुत से लोग स्वच्छता के प्रति गंभीर नहीं हैं। इसलिए हमें अपने जीवन व्यवहार और दिनचर्या में स्वच्छता का ध्यान रखना होगा।
इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक अजयवर्द्धन आचार्य ने बतौर रिसोर्स पर्सन इग्नू दूरस्थ शिक्षा पाठ्यक्रम एवं कई सरकारी योजनाओं की युवाओं को जानकारी देते हुए कहा कि आज भी बहुत से लोगों के घर विलासिता के सारे सामान होते हैं लेकिन शौचालय के लिए सरकारी मदद का इंतजार करते हैं इसलिए हम प्रयास पूर्वक इन लोगों को शौचालय बनवाने एवं उपयोग करने के लिए तैयार करें। 
 जिला परिषद के अधिशाषी अभियंता गजेन्द्र चावला ने बतौर रिसोर्स पर्सन कहा कि स्वच्छता को बढावा देने के साथ ही राष्ट्रनिर्माण के लिए आगामी आम चुनाव में युवाओं की भागीदारी जरूरी है। इसके लिए युवाओं को मतदाता सूची में नाम लिखवाने और अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए पे्ररित करने में भागीदार बनना होगा। 
नेहरू युवा केन्द्र के समन्वयक श्याम सुन्दर जोशी ने बतौर रिसोर्स पर्सन कहा कि खुले में शौच से आजाद होकर हम राष्ट्रपिता को सही मायने में श्रंद्धांजली अर्पित करेंगे। स्वच्छता हमारा सामाजिक दायित्व है। हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हम प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान मिशन से जुड़कर अपने गांव और देश से गंदगी का नामोनिशान मिटाने में सक्रीय भूमिका निभाए। 
इससे पूर्व स्वच्छता विषय पर जन-चेतना रैली का आयोजन किया गया। जिसे मौलाना आजाद विश्वविद्यालय के वाईस चांसलर पदमश्री प्रोफेसर अख्तरूल वासे एवं क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी राजेश मीणा ने रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। साथ ही बलदेव नगर क्षेत्र में स्वच्छ घर-स्वच्छ द्वार तथा बीएड काॅलेज में पेंटिंग एवं मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें सफल प्रतिभागियों एवं बलदेव नगर के स्वच्छ घर की गृहणी को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। 
कार्यक्रम में सोसायटी के अध्यक्ष हाजी अबादुल्लाह कुरैशी, हनीफ लोहानी, रऊफ अंसारी, प्रोग्राम डायरेक्टर मोहम्मद अमीन महिला बीएड प्रिंसीपल डाॅ सपना सिंह राठौड, बीएड काॅएड प्रिन्सीपल डाॅ श्वेता अरोडा, बीएड प्रभारी डाॅ सलीम अहमद, पीआईबी के चांग सहित बीएड काॅलेज प्रतिभागी एवं मौलाना आज़ाद इग्नू स्टडी सेन्टर के समस्त विद्यार्थी एवं व्याख्यातागण मौजूद थे। संचालन के आर सोनी व मोहम्मद इकबाल चुंदडीगर ने किया। धन्यवाद मोहम्मद अमीन ने दिया।