द मैक्स फाउन्डेशन की ओर से “कैंसर कारण एवं निवारण”विषयक संगोष्ठी सम्पन्न
विश्व में कैंसर मरीजों को राहत प्रदान करने वाली संस्थान ‘‘द मैक्स फाउण्डेशन’’ की ओर से कैंसर के मरीजों में जन जागरूकता के लिए कमला नेहरू नगर स्थित मौलाना आज़ाद ऑडिटोरियम में रविवार को “कैंसर कारण एवं निवारण” विषयक संगोष्ठी सम्पन्न हुई।
संगोष्ठी में कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरेश संचेती ने कहा कि इन्सान को अपने गलत खान-पान, गलत आदतें एवं कुदरती रहन-सहन के खिलाफ चलने से कैंसर जैसी बीमारी से ग्रसित होना पड़ता है। कैंसर छूत की बीमारी नहीं है। मगर समाज या परिवार में अगर किसी के शरीर में घाव, फोड़ा, मुंह में छाला, असामान्य खून का आना, लम्बे समय तक खांसी का होना, जैसे लक्षणों से ही कैंसर की बीमारी हो सकती है।
डेन्टल डॉ. वसीम क़ाज़ी ने कहा कि समाज में कैंसर के प्रति जन चेतना एवं जन जागरूकता ज़रूरी है। कैंसर की बीमारी एवं मुहं के कैंसर से बचने के लिए ज़रूरी है कि आम आदमी तम्बाकू, गुटका, नशीले पदार्थों से बच कर रहे। मारवाड़ मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी के महासचिव मोहम्मद अतीक़ ने कैंसर मरीज, परिजन एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि सोसायटी समाज में हर आम आदमी को राहत प्रदान करने वाले सहयोगी कार्यक्रमों में हमेशा अग्रणीय रहती है।
दी मैक्स फाउण्डेशन के सदस्य मोहम्मद साहनी ने बताया कि इस अन्तर्राष्ट्रीय संस्थान के सहयोग से देश में अट्ठारह हज़ार मरीजों को कैंसर की दवाईयां निःशुल्क प्रदान कर रही है। जिसमें जोधपुर के पचास कैंसर के मरीज भी शामिल है। साथ ही “चाय फॉर कैंसर” कैंसर अवेयरनेस के नाम से इस संगोष्ठी करने का उद्देश्य कैंसर मरीजों एवं उनके परिजनों को साथ बिठाकर चाय पिलाने और कैंसर के साइड इफेक्ट्स व इसके प्रति घबराहट को दूर करना है। प्रारम्भ में राजस्थान के प्रसिद्ध जादूगर राजेन्द्र मीणा ने अपने जादूई करतबों के तहत गुब्बारों से गुलदस्ता, रूमाल, नोट नैकलेस एवं हथकड़ी लगाना एवं खुल जाना जैसे जादुई करतब पेश किये। अंत में कैंसर पीड़ितों ने डॉ. संचेती से कैंसर के कारण एवं इससे बचाव पर संवाद किया।
सभागार में मारवाड़ शरिआ कॉ-ओपरेटिव सोसायटी के निदेशक शब्बीर अहमद खिलजी, फिरोज़ क़ाजी, मोहम्मद उमर, अब्दुल रऊफ अन्सारी, शकील अहमद खिलजी, कार्यक्रम अधिकारी ए.जे. खान, तुफेल अहमद क़ाज़ी, राजेन्द्र मेहता, शहजाद अहमद, मोहम्मद कलीम, मोहम्मद सारिक, वीनित लूंकड़, ग्यास मोहम्मद, जाकिर हुसैन क़ाज़ी एवं अभिषेक लोढ़ा ने शिर्कत की।कार्यक्रम का संचालन नरेश पंवार ने किया।