‘मेरा देश मेरा गौरव‘ मुहिम के साथ भारतीय सेना के साहस को किया सलाम
सांकडा जैसलमेर प्रधान अमतुल्लाह मेहर को भी पेश की खि़राज ए अकीदत (श्रृद्धांजलि)
जोधपुर 28 फरवरी। मारवाड़ मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी के अधीन संचालित मौलाना अबुल कलाम आज़ाद मुस्लिम सीनियर सैकेण्डरी स्कूल में गुरूवार को आयोजित हुए सीनियर विद्यार्थियों के विदाई समारोह को ‘मेरा देश मेरा गौरव‘ मुहिम के साथ भारतीय सेना के साहस को सलाम पेश करते हुए स्कूल के स्काउट, एनसीसी सहित समस्त स्टूडेन्ट्स व टीचर्स ने इसे अनूठे अंदाज में मनाया।
सोसायटी के कोषाध्यक्ष मोहम्मद अतीक ने जानकारी दी कि भारत विगत 4 दशकों से पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद को झेल रहा है। 14 फरवरी को पुलवामा में सीआरपीएफ काफिले पर हुए आत्मघाती हमले के बाद पाकिस्तान स्थित आतंकवादी केम्पों को ध्वस्त करना जरूरी था। भारतीय सेना ने जिस पराक्रम का एक बार फिर परिचय दिया है। उससे हर भारतीय का सर गर्व से ऊंचा हो गया है। हम भारतीय सेना के पराक्रम को सलाम करते है। सच्चे भारतीय होने के नाते हम हर हाल में अपने देश के साथ हैं। हम सरकार के हर कदम का समर्थन करते है।
इस कार्यक्रम के माध्यम से हम पाकिस्तान सरकार को संदेश देना चाहते हैं कि वो खुद को मुसलमानों का ठेकेदार समझना बंद करें। हम भारतीय मुसलमान जिन्ना के बजाय मौलाना अबुल कलाम आज़ाद को अपना आदर्श मानते हैं और 1947 में ही ‘टू नेशन थ्योरी‘ को नकार चुके हैं। अगर पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ कोई दुस्साहस करने का प्रयास किया तो भारतीय मुसलमान एक बार फिर ‘शहीद अब्दुल हमीद‘ बनकर उसका मुकाबला करेगें।
हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदीजी को यह यकीन दिलाना चाहते है कि हम अपने देश की सुरक्षा के लिये हर तरह से उनके साथ है। पाकिस्तान के दुस्साहस का जवाब देने के लिये सरकार द्वारा उठाए जाने वाले हर कदम पर हम उनके साथ कांधे से कांधा मिलाकर खड़े होंगे।
अंत में सोसायटी के महासचिव निसार अहमद खिलजी ने कहा कि सांकड़ा (जैसलमैर) की प्रधान अमतुल्लाह मेहर की हाल ही सड़क दुर्घटना में अस्पताल में इलाज के दौरान हुई आकस्मिक मौत पर सोसायटी के समस्त पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने अमतुल्लाह मेहर के लिये दुआ कर उसे खिराज ए अकीदत (श्रृद्धांजलि) पेश की।
प्रिंसीपल इंतिखाब आलम ने बताया कि पूर्व में जूनियर स्टूडेन्ट्स ने सीनियर स्टूडेन्ट्स को डेडिकेट करते हुए उज्जवल भविष्य के लिए स्लोगन एवं यादगार भरी प्रस्तुतियां पेश की। कार्यक्रम में सोसायटी के अध्यक्ष हाजी अबादुल्लाह कुरैशी, सदस्य हनीफ लोहानी, हाजी उस्ताद हमीम बक्ष, आदर्श मुस्लिम समाचारपत्र के सम्पादक सलीम खिलजी, एकेडमिक प्रभारी मोहम्मद रफीक खान, प्रोग्राम डायरेक्टर मोहम्मद अमीन, प्रिन्सीपल शमीम शेख, फरजाना चैहान सहित समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थी मौजूद थे। संचालन आयुषी जोशी ने किया। धन्यवाद सोसायटी के अध्यक्ष हाजी अबादुल्लाह कुरैशी ने दिया।