बच्चों के टेलेंट को, प्रेरणा से निखारें - डॉ. काज़मी
राजकीय आवसीय विद्यालय में खेलकूद एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का प्रशस्ति पत्र एवं मोमेन्टो वितरण के साथ समापन
जोधपुर 12 जून। सपने खूब देखें और उन्हें पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत करें। आपमें बहुत दम है कोशिश करें, आगे बढे़। ये कहना है राज्य संसाधन केन्द्र के निदेशक डॉ. जमील अहमद काजमी का। काजमी, राजस्थान प्रारम्भिक शिक्षा परिषद, जयपुर एवं सर्व शिक्षा अभियान जोधपुर की ओर से मारवाड़ मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी, जोधपुर द्वारा संचालित राजकीय आवासीय विद्यालय (बालक) डाईट हॉस्टल, सूरसागर जोधपुर में गुरूवार को आयोजित ग्यारह दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेलकूद एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के समापन समारोह में बतौर मुख्यअतिथि बालको को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बच्चों के टेलेंट को, प्रेरणा से निखारें।
परियोजना समन्वयक भवानी सिंह ने कहा कि इस अवासीय हॉस्टल में 46 विद्यार्थियों के बीच दो जून से बारह जून तक, वालीबॉल, खो-खो, कबड्डी, बैड़मिन्टन, रस्साकस्सी, लम्बीकूद, दौड़, संतोलिया, कैरम, कविता, निबन्ध, चित्रकला, हिन्दी-अंग्रेजी सुलेख एवं प्रश्नोत्तरी की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। प्रधानाचार्य एजे खान ने कहा कि बालकों के शारीरिक एवं मानसिक कौशल विकास के उद्देश्य से आयोजित इन खेलांे का संचालन मौलाना अबुल कलाम आजाद, शहीद भगत सिंह, चन्द्रशेखर आजाद व डॉ. एपीजे अबुल कलाम दलों के चार वर्गो में हुआ। इसमें शहीद भगत सिंह, व चन्द्रशेखर आजाद दल सर्वोत्तम खेलों में विजयी रहा।
अंत में विजयी खिलाडि़यों को सोसायटी के पूर्व अध्यक्ष हाजी अबादुल्लाह कुरैशी, मारवाड़ शरिआ क्रेडिट कॉऑपरेटिव सेंविग सोसायटी के निदेशक शब्बीर अहमद खिलजी, सदस्य हनीफ लोहानी, खालिद कुरैशी व शकील खिलजी ने प्रशस्ति पत्र एवं मोमेन्टो वितरण करते हुए, उनकी हौंसलाअफजाई की। पूर्व में बालकों ने नात शरीफ पेश की। प्रतियोगिता में वार्डन महेन्द्र कुमार, टीएन गौड, उमरदीन खिलजी, सलीम, गुलाम फारूक एवं शारीरिक शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा। धन्यवाद शब्बीर अहमद खिलजी ने दिया।