Home > Latest News / अमन-चैन बनाए रखने की अपील एवं जोधपुर बंद का समर्थन

अमन-चैन बनाए रखने की अपील एवं जोधपुर बंद का समर्थन

August 16, 2014

पिछले कुछ समय से कुछ स्वार्थी तत्व हिन्दू देवी-देवताओं, इस्लाम धर्म, नबी करीम (स.व), कुरान पाक आदि के बारे में सोशल मीडिया पर अश्लील तस्वीरों व आपत्तिजनक कमेण्ट के द्वारा माहौल खराब किया जाता रहा है। आज 17 अगस्त 2014 को शिव सेना एवं अन्य हिन्दू संगठनों की ओर से ‘जोधपुर बंद’ का आह्वान किया है। धर्मग्रंथों एवं महापुरूषों का सम्मान हम सबके लिये सर्वोपरि है अतः हिन्दू संगठनों की मांग न्यायोचित है और हम उनका समर्थन करते हैं।

          मारवाड़ मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी के महासचिव मोहम्मद अतीक ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर ये कहा कि मुस्लिम समाज भी इसी समस्या से पीडि़त है। कुरान पाक व नबी करीम (स.व.) के अपमान के विरोध में हम इस बंद को समर्थन देने का ऐलान करते है। मुस्लिम समाज यह आशा करता है कि बहुसंख्यक हिन्दू समुदाय हमारी भावनाओं का आदर करते हुए वक़्त पड़ने पर इसी तरह हमारा समर्थन करेगा।  अतः सभी नागरिकों से अपील की जाती हैं कि ऐसी आपत्तिजनक पोस्ट को आगे फैलाने के बजाय ‘डिलीट’ करें और देश में साम्प्रदायिक सद्भाव बनाए रखें। प्रशासन से निवेदन है कि आई.टी. एक्ट के तहत मुक़द्मा दर्ज करके असली अपराधियों का पता लगाएं जो ऐसी पोस्ट अपलोड करते हैं और इन्हें कड़ी से कड़ी सजा दें।

          इस जनकल्याणकारी मुहिम में दारूल उलूम इस्हाकि़या, अमीर जमीअत अहले हदीस राजस्थान, दारूल उलूम अरबिया इस्लामिया, मारवाड़ मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी एवं आदर्श मुस्लिम समाचार-पत्र, जोधपुर, सहित कई मुस्लिम संस्थाएं इस बंद का समर्थन करते हुए शान्ति बनाये रखने तथा एक-दूसरे की भावओं का सम्मान करने की अपील करती हैं।