एक करोड़ पिचयासी लाख से बने
अल्पसंख्यक बालिका छात्रावास के भवन का
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने किया उद्घाटन
मारवाड़ मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी, कमला नेहरू नगर, जोधपुर में जोधपुर नगर निगम की ओर से एक करोड़ पिचयासी लाख रूपये की लागत से नव निर्मित “अल्पसंख्यक बालिका छात्रावास” के भवन का उद्घाटन गुरूवार को राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने किया।
पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने मारवाड़ मुस्लिम सोसायटी और राजस्थान की प्रथम अल्पसंख्यक “मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी” की निरन्तर प्रगति की सराहना करते हुए इसे देश के शिक्षा क्षेत्र में आदर्श नमूना बताया। उन्होनें समस्त बच्चियों को कड़ी मेहनत करके, देश का गौरव बढाने की बात कहीं। साथ ही भविष्य में निरन्तर सहयोग करने का भरोसा जताया।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्रीजी की जयन्ति के अवसर पर आयोजित इस समारोह की अध्यक्षता कर रहे नगर निगम, महापौर रामेश्वर दाधीच ने कहा कि जोधपुर नगर निगम एवं नगर निगम पार्षदों के विशेष सहयोग से निर्मित इस हॉस्टल से प्रदेश की बालिकाओं को सुरक्षित आवास, खान-पान एवं उच्च शिक्षा का बेहतर माहौल मिलेगा। विशिष्ट अतिथि रिटायर्ड़ आईपीएस व राजस्थान बोर्ड़ ऑफ मुस्लिम वक़्फस के चैयरमेन लियाकत अली खां ने देश की वक्फ सम्पत्तियों की सुरक्षा, इसके आय स्त्रोतों को बढावा तथा इनसे प्राप्त आय को अल्पसंख्यक वर्ग के विकास एवं उत्थान में लगाने की बात कही। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष सईद अंसारी ने कांग्रेस कार्यकाल की सराहना करते हुए, उनके समय की योजनाओं को जनहितकारी बताया।
सोसायटी महासचिव मोहम्मद अतीक ने कहा कि इस प्रदेश स्तर पर सभी आधारभूत सुविधाओं से सुसज्जित 14 कमरों के इस हॉस्टल में 56 छात्राएं अपना निवास कर सकेंगी। समारोह के प्रारम्भ में गहलोत ने कॉन्ट्रेक्टर अब्दुल रऊफ, पार्षद फरजाना चौहान, शुभलक्ष्मी पुरोहित, सुरेन्द्र कंवर, शमीम गौरी, इंजिनियर्स एवं इस वर्ष के लिए राष्ट्रपति स्काउट-गाइड अवार्ड के लिए चयनित मौलाना अबुल कलाम आजाद मुस्लिम सीनियर सैकेण्ड़री स्कूल एवं फिरोज खान मेमोयिल गर्ल्स स्कूल के छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। समारोह में मिल्ली कौंसिल जयपुर के सदस्यों सहित प्रदेश भर से आये प्रबुद्धजनों एवं राजेन्द्र सोलंकी, जुगल काबरा, पार्षद शहाबुद्दीन, इस्हाक अहमद मुगल, मुराद अली अबड़ा, कय्यूम अख्तर, डॉ. गुलाम रब्बानी, शौकत अंसारी, शब्बीर अहमद खिलजी, फजलुर्रहमान, हाजी इस्हाक, सलीम खिलजी एवं राजनितिक, शिक्षाविद्, आमजनों व सोसायटी सदस्यो ने शिर्कत की। पूर्व में तिलावते कुरान कारी मुबस्सिर रज़ा ने किया। छात्राओं ने दुआ पढी। संचालन मोहम्मद इकबाल चुंदड़गर तथा धन्यवाद सोसायटी अध्यक्ष अब्दुल अजीज ने दिया।